CG News: वृहद पंजीकरण शिविरों में 396 आवेदन प्राप्त, 277 प्रकरणों का मौके पर समाधान

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर ओरछा विकासखंड में तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर संपन्न

 

वृहद पंजीकरण शिविरों में 396 आवेदन प्राप्त, 277 प्रकरणों का मौके पर समाधान

नारायणपुर, 21 जून 2026 // प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत नारायणपुर और ओरछा विकासखंड में 18 से 20 जून तक तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविरों का सफल आयोजन किया गया। शिविरों का उद्देश्य आमजन को केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना, पात्र हितग्राहियों का पंजीयन सुनिश्चित करना तथा योजनाओं से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराना था।

शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत नए पंजीयन, दस्तावेज अद्यतन, त्रुटि सुधार एवं हितग्राहियों की शिकायतों और मांगों के निराकरण की व्यवस्था की गई। ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में शिविरों में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक आवेदन प्रस्तुत किए।

 

तीन दिवसीय अभियान के प्रथम दिन 18 जून को ग्राम गारपा में आयोजित शिविर में 85 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 76 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। दूसरे दिन 19 जून को ग्राम कुतुल में आयोजित शिविर में 131 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 89 प्रकरणों का निराकरण किया गया। वहीं अंतिम दिन 20 जून को ग्राम जाटलूर में आयोजित शिविर में सर्वाधिक 180 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 122 मामलों का त्वरित निराकरण किया गया।

जाटलूर में आयोजित शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग में 48 आवेदन, जनपद पंचायत नारायणपुर में 28, पशु चिकित्सा विभाग में 16, स्वास्थ्य विभाग में 58, तहसील कार्यालय में 14, खाद्य विभाग में 12 आवेदनों सहित 180 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 122 मामलों का त्वरित निराकरण किया गया।

 

इस प्रकार ओरछा विकासखंड के तीनों शिविरों में कुल 396 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 277 आवेदनों का निराकरण शिविर स्थल पर ही किया गया। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को अग्रेषित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

 

शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि योजना, पीएम सूर्यघर योजना, जल जीवन मिशन, विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन योजनाओं सहित अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। जिला प्रशासन ने कहा कि ऐसे आयोजन शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध लाभ दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Exit mobile version