
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले और अबूझमाड़ क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। जिले की होनहार बेटी खुशबू नाग ने दिल्ली में आयोजित दो प्रतिष्ठित बॉडीबिल्डिंग एवं फिटनेस प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी और उत्साह का माहौल है।
खुशबू नाग ने दिल्ली में आयोजित NPC Worldwide प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही उन्होंने एक अन्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत का परिचय दिया। मंच पर उनके आत्मविश्वास, अनुशासन और बेहतरीन प्रदर्शन ने निर्णायकों सहित दर्शकों को भी प्रभावित किया।
अबूझमाड़ जैसे दूरस्थ और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय मंच पर सफलता हासिल करना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। सीमित संसाधनों के बावजूद खुशबू ने लगातार मेहनत, समर्पण और संघर्ष के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता आज क्षेत्र की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
खुशबू नाग की इस उपलब्धि पर जिले के खेल प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। लोगों का कहना है कि उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी भी क्षेत्र या परिस्थिति की मोहताज नहीं होती।
आज खुशबू नाग केवल नारायणपुर या अबूझमाड़ की पहचान नहीं हैं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की बेटियों के लिए प्रेरणा और आत्मविश्वास का प्रतीक बन चुकी हैं। उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस प्रदान करेगी।
दण्डकारण्य दर्पण