CG News: सुपेला में चीता ने दरवाजा तोड़कर युवक की जान बचाई

पत्नी की सूझबूझ से पति की जान बची

 

सुपेला पुलिस की तत्परता से बची युवक की जान, फांसी लगाने की कोशिश नाकाम

 

पत्नी की सूचना पर चीता-2 टीम ने दरवाजा तोड़कर युवक को फंदे से उतारा, समय रहते पहुंची पुलिस ने टाला बड़ा हादसा

भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से एक युवक की जान बच गई। पत्नी से हुए विवाद के बाद युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था, लेकिन समय रहते पहुंची चीता-2 टीम ने उसे सुरक्षित बचा लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, सुपेला थाना की चीता-2 टीम को सूचना प्राप्त हुई कि पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा है और पति ने खुद को कमरे में बंद कर लिया है। सूचना मिलते ही आरक्षक दुर्गेश राजपूत एवं पायलट ऋषभ सिंह तत्काल मौके के लिए रवाना हुए।

 

घटनास्थल पर पहुंचने पर पुलिस ने पाया कि सतनामी बस्ती, सूर्या मॉल के पास निवासी मुंगेलाल ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर रखा था और फांसी लगाने की कोशिश कर रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए कमरे का दरवाजा तोड़कर भीतर प्रवेश किया।

 

कमरे के अंदर मुंगेलाल चुनरी के कपड़े से बने फंदे पर झूलता हुआ मिला। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे नीचे से सहारा दिया और फंदे को काटकर सुरक्षित नीचे उतारा। समय पर की गई इस कार्रवाई से उसकी जान बच गई।

 

कुछ देर बाद मुंगेलाल ने पुलिस को बताया कि उसे सांस लेने में परेशानी हो रही है। प्राथमिक देखभाल के बाद उसकी स्थिति सामान्य होने लगी। पुलिस ने उसे आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई तथा भविष्य में इस प्रकार का कदम नहीं उठाने की समझाइश दी।

 

सुपेला पुलिस की संवेदनशीलता, त्वरित निर्णय और मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। पुलिस की सजगता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और एक व्यक्ति को नया जीवन मिल सका।

 

Exit mobile version