CG News: जहर सेवन कर अचेत हुए युवक को डायल-112 ने पहुंचाया अस्पताल

दण्डकारण्य दर्पण

 

 

जहर सेवन कर अचेत हुए युवक को डायल-112 ने पहुंचाया अस्पताल

 

रात्रि में मिली सूचना पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, समय पर उपचार मिलने से बची युवक की जान

 

नारायणपुर पुलिस की डायल-112 सेवा ने एक बार फिर अपनी तत्परता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए आपात स्थिति में एक युवक की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रात्रिकालीन सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए डायल-112 की टीम ने अचेत अवस्था में मिले युवक को अस्पताल पहुंचाकर समय पर उपचार उपलब्ध कराया।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 जून 2026 की रात लगभग 2:48 बजे डायल-112 कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि थाना फरसगांव क्षेत्र के ग्राम आमगांव कुढ़ापारा में एक युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही ईआरवी-01 को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

 

डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित वाहन में लेकर तत्काल जिला अस्पताल नारायणपुर पहुंचाया। अस्पताल में भर्ती कराकर आवश्यक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई। पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया के कारण युवक को समय रहते उपचार मिल सका, जिससे उसकी जान सुरक्षित हो गई।

 

छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित डायल-112 सेवा प्रदेशभर में आम नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों में चौबीसों घंटे सहायता प्रदान कर रही है। यह घटना डायल-112 की संवेदनशीलता, तत्परता और जनसेवा के प्रति समर्पण का एक उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है।

पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुड़िया ने डायल-112 टीम की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और डायल-112 सेवा आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए निरंतर तत्पर है।

Exit mobile version