
दण्डकारण्य दर्पण
केशकाल कॉलेज में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, परीक्षा के दौरान मची अफरा-तफरी
कॉलेज स्टाफ, पुलिस और प्रशासन की तत्परता से टला बड़ा हादसा, कोई जनहानि नहीं
केशकाल।
कोंडागांव जिले के केशकाल स्थित महेश बघेल शासकीय महाविद्यालय में शनिवार सुबह शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना सुबह लगभग 10 बजे की बताई जा रही है। समय रहते कॉलेज प्रशासन, पुलिस और प्रशासनिक अमले की सक्रियता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महाविद्यालय के प्राचार्य कक्ष में टेबल के समीप अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद तेज आवाजों के साथ आग फैलने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज स्टाफ ने तत्काल इसकी सूचना प्राचार्य सोनवानी को दी और राहत कार्य शुरू किया।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची तथा आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की गई। उस समय महाविद्यालय में परीक्षा संचालित हो रही थी, जिसके कारण छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। हालांकि समय पर की गई कार्रवाई के चलते किसी भी परीक्षार्थी, शिक्षक या कर्मचारी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
आग की चपेट में आने से प्राचार्य कक्ष में रखी कुर्सियां, टेबल, कंप्यूटर, प्रिंटर और अन्य कार्यालयीन सामग्री क्षतिग्रस्त हो गई। घटना से महाविद्यालय को आर्थिक नुकसान पहुंचा है, हालांकि नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
महाविद्यालय के प्राचार्य सोनवानी ने बताया कि घटना के समय वे महाविद्यालय परिसर में मौजूद नहीं थे। स्टाफ से सूचना मिलने के बाद उन्होंने तत्काल प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को जानकारी दी, जिसके बाद सभी विभागों के समन्वित प्रयास से आग पर नियंत्रण पा लिया गया।
इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। कॉलेज प्रशासन, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने राहत की सांस ली है। समय रहते किए गए प्रयासों ने एक संभावित बड़ी दुर्घटना को टाल दिया।