CG News: छत्तीसगढ़ के स्कूलों में नए शिक्षा सत्र से बड़े बदलाव

16 जून से ऑनलाइन हाजिरी और डिजिटल अवकाश व्यवस्था लागू, राज्यगीत सहित राष्ट्रगान और भोजन मंत्र भी होंगे अनिवार्य

 

 

दण्डकारण्य दर्पण

 

रायपुर।

नए शिक्षा सत्र की शुरुआत के साथ ही छत्तीसगढ़ के स्कूलों में कई महत्वपूर्ण बदलाव लागू किए जा रहे हैं। स्कूल शिक्षा विभाग और लोक शिक्षण संचालनालय ने शिक्षकों की उपस्थिति, अवकाश प्रक्रिया तथा विद्यालयीन गतिविधियों को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं।

विभाग के निर्देशानुसार 16 जून से प्रदेश के शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए ऑनलाइन उपस्थिति और ऑनलाइन अवकाश आवेदन अनिवार्य कर दिया गया है। अब बायोमेट्रिक प्रणाली और मोबाइल एप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज की जाएगी। ऑफलाइन अवकाश आवेदन की व्यवस्था पूरी तरह समाप्त कर दी गई है। निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं करने पर संबंधित कर्मचारियों का जून माह का वेतन भी रोका जा सकता है।

वहीं विद्यालयों में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोड़ने के उद्देश्य से राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, राज्यगीत और भोजन मंत्र का नियमित आयोजन भी अनिवार्य किया गया है। शिक्षा विभाग ने नए शिक्षा सत्र के लिए विद्यालयों का दैनिक कार्यक्रम निर्धारित करते हुए सभी संस्थाओं को तत्काल प्रभाव से निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।

विभाग का मानना है कि डिजिटल उपस्थिति प्रणाली से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी, वहीं राज्यगीत और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों से विद्यार्थियों में राष्ट्र और राज्य के प्रति सम्मान तथा सांस्कृतिक जागरूकता का विकास होगा।

Exit mobile version