
दण्डकारण्य दर्पण
हैदराबाद/रायपुर।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हैदराबाद में आयोजित छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उन्होंने देश के प्रमुख उद्योग समूहों और निवेशकों के समक्ष राज्य की नई औद्योगिक नीति तथा निवेश की व्यापक संभावनाओं को प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ आज देश के सबसे तेजी से उभरते निवेश गंतव्यों में शामिल है। राज्य सरकार ने उद्योगों के लिए प्रक्रियाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और निवेशक-अनुकूल बनाया है, जिससे निवेशकों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने निवेशकों को उद्योग, अधोसंरचना, ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी, खाद्य प्रसंस्करण तथा खनिज आधारित क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देते हुए छत्तीसगढ़ में निवेश करने का आमंत्रण दिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न उद्योग समूहों और निवेशकों के साथ निवेश संभावनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा भी की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की निवेश प्रोत्साहन नीतियों और नई औद्योगिक नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इसी का परिणाम है कि छत्तीसगढ़ को अब तक 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि हैदराबाद में आयोजित यह निवेशक संवाद कार्यक्रम अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, जापान और दक्षिण कोरिया में आयोजित सफल निवेशक बैठकों की श्रृंखला का हिस्सा है। मुख्यमंत्री साय की सक्रिय पहल से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के बीच छत्तीसगढ़ के प्रति आकर्षण लगातार बढ़ रहा है।
राज्य सरकार का लक्ष्य निवेश के माध्यम से औद्योगिक विकास को गति देना, रोजगार के नए अवसर सृजित करना और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करना है।