
दंडकारण्य दर्पण
भाजपा का महाजनसंपर्क अभियान आज से शुरू
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशभर में चलेंगे जनसंपर्क और जनजागरण कार्यक्रम
रायपुर। केंद्र में भारतीय जनता पार्टी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा आज से प्रदेशव्यापी महाजनसंपर्क अभियान की शुरुआत करने जा रही है। यह अभियान 5 जून से 21 जून तक पूरे छत्तीसगढ़ में संचालित किया जाएगा, जिसके माध्यम से पार्टी सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का प्रयास करेगी।
अभियान के दौरान मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक और भाजपा के वरिष्ठ नेता सीधे जनता के बीच पहुंचकर संवाद करेंगे। महाजनसंपर्क अभियान की औपचारिक शुरुआत आज की जाएगी, जिसके बाद विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
भाजपा के कार्यक्रम के अनुसार 10 जून को सभी जिला मुख्यालयों में प्रेस कॉन्फ्रेंस और विकास प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों और पेशेवर वर्गों को जोड़ने के लिए प्रोफेशनल मीट कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
12 से 14 जून तक मंडल स्तर पर संकल्प सभाओं का आयोजन होगा, जहां कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि संगठन के संकल्पों एवं उपलब्धियों को लेकर जनता से संवाद करेंगे। इसके बाद 15 से 17 जून तक गांव, बस्ती और बूथ स्तर पर चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन चौपालों में भाजपा नेताओं का प्रवास भी रहेगा और स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
अभियान के अंतिम चरण में 17 से 20 जून तक अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां की जाएंगी। वहीं 21 जून को पूरे प्रदेश में बड़े पैमाने पर योग दिवस कार्यक्रम आयोजित कर अभियान का समापन किया जाएगा।
भाजपा का कहना है कि इस महाजनसंपर्क अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ जनता से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी अपेक्षाओं और सुझावों को भी जाना जाएगा।