CG News: प्रोजेक्ट धड़कन से बच्चों को मिल रहा नया जीवन, समय पर जांच से खुल रहे स्वस्थ भविष्य के द्वार

5583 बच्चों की हुई हृदय जांच, एक बच्चे का सफल ऑपरेशन बना उम्मीद की मिसाल

दंडकारण्य दर्पण

 

प्रोजेक्ट धड़कन से बच्चों को मिल रहा नया जीवन, समय पर जांच से खुल रहे स्वस्थ भविष्य के द्वार

 

5583 बच्चों की हुई हृदय जांच, एक बच्चे का सफल ऑपरेशन बना उम्मीद की मिसाल

 

नारायणपुर। जिले के बच्चों को गंभीर हृदय रोगों से सुरक्षित रखने और समय रहते उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा संचालित प्रोजेक्ट धड़कन प्रभावी परिणाम दे रहा है। दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों तक पहुंचकर बच्चों के हृदय स्वास्थ्य की जांच करने वाली यह पहल अब बाल स्वास्थ्य संरक्षण का एक सफल मॉडल बनकर उभर रही है।

23 फरवरी से 29 मई 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान जिले में कुल 5583 बच्चों की हृदय संबंधी जांच की गई। आंगनबाड़ी केंद्रों में भी नियमित स्क्रीनिंग कर बच्चों के स्वास्थ्य की निगरानी की गई। जांच के दौरान छह बच्चों में संभावित हृदय रोग के लक्षण पाए गए, जिन्हें विशेषज्ञ परामर्श और उपचार के लिए चिन्हित किया गया।

 

जांच के बाद एक बच्चे को तत्काल उपचार के लिए रायपुर स्थित सत्य साई अस्पताल भेजा गया, जहां 10 अप्रैल को उसका सफल हृदय ऑपरेशन किया गया। वर्तमान में बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है और सामान्य जीवन जी रहा है। यह सफलता जिले के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

 

इसी क्रम में दो अन्य बच्चों को विशेषज्ञ जांच के लिए रायपुर भेजा गया। इनमें से एक बच्चे की रिपोर्ट सामान्य आई, जबकि दूसरे बच्चे को तीन माह बाद पुनः जांच के लिए बुलाया गया है। वहीं शेष तीन बच्चों की जिला चिकित्सालय में जांच कराई गई, जिनमें दो बच्चों की रिपोर्ट सामान्य पाई गई और एक बच्चे में हृदय रोग के लक्षण मिलने पर उसे शीघ्र उपचार के लिए रायपुर भेजने की तैयारी की जा रही है।

 

प्रोजेक्ट धड़कन के माध्यम से हजारों बच्चों की समय पर स्वास्थ्य जांच और संभावित हृदय रोगों की पहचान संभव हो सकी है। इससे गंभीर बीमारियों की रोकथाम के साथ बच्चों को बेहतर और सुरक्षित भविष्य देने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

 

कलेक्टर नम्रता जैन के मार्गदर्शन, स्वास्थ्य विभाग की सतत निगरानी और चिकित्सा दल के समर्पित प्रयासों से यह अभियान जिले में जनस्वास्थ्य की एक प्रेरणादायक पहल बन गया है। प्रोजेक्ट धड़कन यह साबित कर रहा है कि समय पर जांच, सही परामर्श और गुणवत्तापूर्ण उपचार से नन्हीं धड़कनों को नया जीवन दिया जा सकता है।

Exit mobile version