
दंडकारण्य दर्पण
माड़ मैत्री अभियान से बढ़ा भरोसा, उसेबेड़ा में ग्रामीणों ने हटाया नक्सली स्मारक
ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं, स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचीं और विकास कार्यों को मिला समर्थन
नारायणपुर, 04 जून। माड़ क्षेत्र में शांति, विकास और जनसहभागिता को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे माड़ मैत्री अभियान के तहत ग्राम उसेबेड़ा में पुलिस और आईटीबीपी द्वारा जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं सुनी गईं तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल का भरोसा दिलाया गया।
बैठक में ग्रामीणों ने घोटुलपारा में पेयजल आपूर्ति की समस्या से अवगत कराया। इस पर संबंधित विभाग के माध्यम से आवश्यक कार्यवाही कराने का आश्वासन दिया गया। अभियान के दौरान पुलिस और सुरक्षा बलों ने ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित कर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि ग्राम उसेबेड़ा में स्थापित नक्सली स्मारक का हटाया जाना रहा। ग्रामीणों की सहमति, सहयोग और सक्रिय सहभागिता से इस स्मारक को नष्ट किया गया। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया तथा शांति और जनकल्याण के प्रयासों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
माड़ मैत्री अभियान के अंतर्गत जरूरतमंद ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया और आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया गया। इससे दूरस्थ क्षेत्र के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिली।
पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया और 41वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट बेनुधर नायक के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम ने ग्रामीणों और सुरक्षा बलों के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत किया। अभियान के माध्यम से माड़ क्षेत्र में शांति, विकास और जनसहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में सार्थक प्रयास जारी हैं।