CG News: 06 से 09 जून तक होगी राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने जारी किए प्रवेश पत्र, पांच संभागीय मुख्यालयों में आयोजित होगी परीक्षा

दंडकारण्य दर्पण

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 के आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोग ने परीक्षा कार्यक्रम जारी करते हुए बताया है कि राज्य सेवा मुख्य परीक्षा का आयोजन 06 जून से 09 जून 2026 तक निर्धारित परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा। इसके साथ ही अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र भी जारी कर दिए गए हैं।

आयोग के अनुसार परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की जाएगी।

निर्धारित कार्यक्रम के तहत 06 जून को भाषा एवं निबंध विषय की परीक्षा होगी। 07 जून को सामान्य अध्ययन प्रथम एवं द्वितीय प्रश्न पत्र, 08 जून को सामान्य अध्ययन तृतीय एवं चतुर्थ प्रश्न पत्र तथा 09 जून को सामान्य अध्ययन पंचम प्रश्न पत्र की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

राज्य सेवा मुख्य परीक्षा का आयोजन सरगुजा संभाग के अंबिकापुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर संभाग के जगदलपुर तथा रायपुर स्थित निर्धारित परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा। परीक्षा को लेकर आयोग द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने अभ्यर्थियों से परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश पत्र 25 मई 2026 को जारी कर दिए गए हैं और अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट से अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी अभ्यर्थी को डाक, व्यक्तिगत सूचना अथवा एसएमएस के माध्यम से प्रवेश पत्र नहीं भेजा जाएगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को स्वयं वेबसाइट पर जाकर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर परीक्षा में शामिल होना होगा।

राज्य सेवा मुख्य परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल है और प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

Exit mobile version