CG News: मन की बात में दिखी अबूझमाड़ की पहचान, पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए वन मंत्री केदार कश्यप

ईरकभट्टी से कार्यक्रम में हुए शामिल, राष्ट्रीय मंच पर जनजातीय संस्कृति और बस्तर की गौरवशाली छवि को मिली नई पहचान

 

 

 

 

दंडकारण्य दर्पण

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण में नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र स्थित ईरकभट्टी की झलक राष्ट्रीय स्तर पर प्रसारित होने से क्षेत्रवासियों में उत्साह और गर्व का माहौल है। कार्यक्रम के दौरान बस्तर की जनजातीय संस्कृति और परंपराओं की झलक भी देशभर के लोगों ने देखी।

वन मंत्री केदार कश्यप ने ईरकभट्टी में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना। इस अवसर पर वे पारंपरिक जनजातीय वेशभूषा में दिखाई दिए। राष्ट्रीय प्रसारण में ईरकभट्टी और अबूझमाड़ की उपस्थिति को उन्होंने पूरे बस्तर अंचल के लिए गौरव का विषय बताया।

 

केदार कश्यप ने कहा कि देश के सबसे लोकप्रिय जनसंवाद कार्यक्रम में अबूझमाड़ की तस्वीर दिखाई देना यहां के लोगों के सम्मान और आत्मगौरव से जुड़ा विषय है। इससे यह संदेश जाता है कि देश के दूरस्थ वनांचलों की संस्कृति, परंपरा और पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिल रहा है।

 

उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं है, बल्कि देश के करोड़ों लोगों को जोड़ने वाला प्रभावी संवाद मंच बन चुका है। इसके माध्यम से समाज में जनभागीदारी, नवाचार, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता जैसे विषयों को नई दिशा और प्रेरणा मिलती है।

 

वन मंत्री ने कहा कि ईरकभट्टी जैसे दुर्गम क्षेत्र की झलक राष्ट्रीय प्रसारण में दिखाई देने से स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों में नया उत्साह पैदा हुआ है। इससे क्षेत्र के लोगों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे विकास तथा राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में और अधिक सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित होंगे।

 

उन्होंने कहा कि अबूझमाड़ आज विकास की नई राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। क्षेत्र की सकारात्मक तस्वीर देश के सामने आना पूरे बस्तर के लिए गर्व की बात है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की सोच का प्रभाव अब दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

 

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version