CG News: अबुझमाड़ में स्मार्ट पुलिसिंग की नई शुरुआत, नारायणपुर के सभी 14 थानों में शुरू हुआ ई-मालखाना 2.0

यूनिक बारकोड से होगी हर जब्त संपत्ति की डिजिटल पहचान, मालखाना प्रबंधन में बढ़ेगी पारदर्शिता और जवाबदेही

 

 

दंडकारण्य दर्पण 

 

नारायणपुर पुलिस ने तकनीक आधारित पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिले में ई-मालखाना 2.0 प्रणाली की शुरुआत की है। थाना कोहकामेटा से इस अभिनव डिजिटल व्यवस्था का शुभारंभ किया गया, जिसके साथ ही जिले के सभी 14 थानों में इसका संचालन प्रारंभ हो गया है। अबुझमाड़ जैसे दूरस्थ और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में इस पहल को स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

 

छत्तीसगढ़ शासन के वन, जलवायु परिवर्तन, जल संसाधन, कौशल विकास एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कार्यक्रम में ई-मालखाना 2.0 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

नई प्रणाली के तहत प्रत्येक जब्त संपत्ति और केस प्रॉपर्टी को एक यूनिक बारकोड प्रदान किया जाएगा। बारकोड स्कैन करते ही संबंधित प्रकरण, जब्ती विवरण, जमा तिथि, वर्तमान स्थिति तथा अन्य आवश्यक जानकारियां तत्काल उपलब्ध हो सकेंगी। इससे मालखाने में रखी गई सामग्री की निगरानी, खोज और प्रबंधन पहले की तुलना में अधिक सरल और सुरक्षित हो जाएगा।

 

ई-मालखाना 2.0 के लागू होने से पारंपरिक कागजी प्रक्रियाओं पर निर्भरता कम होगी तथा अभिलेखों का संधारण डिजिटल माध्यम से अधिक व्यवस्थित ढंग से किया जा सकेगा। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भी कार्य निष्पादन में सुविधा मिलेगी, जिससे प्रशासनिक दक्षता बढ़ने की उम्मीद है।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि तकनीक आधारित नवाचार शासन और प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने का माध्यम हैं। उन्होंने नारायणपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे पुलिस कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही को नई मजबूती मिलेगी।

 

पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया ने बताया कि आधुनिक पुलिसिंग में तकनीक का समावेश समय की आवश्यकता है। इसी सोच के साथ विकसित ई-मालखाना 2.0 मालखाना प्रबंधन को पूरी तरह डिजिटल स्वरूप प्रदान करेगा और पुलिस व्यवस्था को अधिक आधुनिक एवं सक्षम बनाएगा।

 

नारायणपुर पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग, जनसहभागिता और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में लगातार नए प्रयास किए जा रहे हैं। ई-मालखाना 2.0 उसी श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण पहल है, जो अबुझमाड़ सहित पूरे जिले में स्मार्ट पुलिसिंग और डिजिटल प्रशासन को नई दिशा देने का कार्य करेगी।

Exit mobile version