CG News: नारायणपुर में आजीविका विकास को लेकर समन्वय बैठक आयोजित

किसानों और ग्रामीण हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने विभागीय तालमेल मजबूत करने पर जोर

 

 

नारायणपुर। कृषि विभाग सम्मेलन कक्ष नारायणपुर में बीएआईएफ एफडीपी नारायणपुर टीम द्वारा आजीविका विकास परियोजना अंतर्गत एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य किसानों और ग्रामीण हितग्राहियों के लिए संचालित विभिन्न आजीविका एवं पशुपालन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागीय समन्वय को मजबूत करना रहा।

बैठक की शुरुआत वरिष्ठ अधिकारियों और उपस्थित अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इस दौरान डॉ. दीपेश रावटे ने बैठक का उद्घाटन किया। इसके बाद डॉ. संतोष कुमार ने बीएआईएफ संस्था द्वारा संचालित पशुधन विकास गतिविधियों और ग्रामीण क्षेत्रों में किए जा रहे आजीविका संबंधी कार्यों पर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

 

उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा पशुपालन, बकरी पालन, कुक्कुट पालन और कृत्रिम गर्भाधान जैसी गतिविधियों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीकी सहायता और प्रशिक्षण के जरिए किसानों को आधुनिक पशुपालन पद्धतियों से भी जोड़ा जा रहा है।

 

बैठक में पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी, पशुधन निरीक्षक, बीएआईएफ परियोजना अधिकारी, सामुदायिक संसाधन व्यक्ति और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान शासकीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, विभागीय तालमेल और किसानों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

 

चर्चा के दौरान कुक्कुट पालन, बकरी पालन, कृत्रिम गर्भाधान, पशु चिकित्सा सेवाएं, किसानों को आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता और पात्र हितग्राहियों के पंजीयन जैसे विषयों पर विशेष रूप से विचार-विमर्श हुआ। साथ ही किसानों को समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन और विभागीय सहयोग उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी।

 

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका संवर्धन और कृषि आधारित गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की बैठकों से शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद मिलेगी और किसानों की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति मजबूत होगी।

 

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने भविष्य में भी इसी तरह समन्वय और सहयोग बनाए रखते हुए किसानों के हित में कार्य करने का संकल्प लिया। आयोजकों ने विश्वास जताया कि इस पहल से जिले के किसानों और हितग्राहियों को आने वाले समय में प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

Exit mobile version