CG News: हीट वेव के बीच वन्यजीवों की सुरक्षा पर सरकार अलर्ट

केदार कश्यप के निर्देश पर खैरागढ़ समेत प्रदेशभर में बढ़ाई गई निगरानी और राहत व्यवस्था

हीट वेव के बीच वन्यजीव संरक्षण पर सरकार अलर्ट

 

केदार कश्यप के निर्देश पर खैरागढ़ समेत प्रदेशभर में बढ़ाई गई निगरानी और राहत व्यवस्था

 

रायपुर। प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी और भीषण हीट वेव के बीच वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार ने विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर वन विभाग द्वारा पूरे प्रदेश में वन्यप्राणियों के संरक्षण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। वन क्षेत्रों में पेयजल उपलब्ध कराने, प्राकृतिक जल स्रोतों की निगरानी बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं।

 

इसी क्रम में खैरागढ़ वनमंडल के दल्लीखोली क्षेत्र में कुछ वन्यजीवों और पक्षियों के मृत पाए जाने की सूचना मिलने पर वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राहत और सुरक्षा व्यवस्थाओं को और मजबूत किया। सूचना मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची और वैधानिक प्रक्रिया के तहत जांच शुरू की गई।

 

प्राथमिक जांच में पशु चिकित्सकों और विशेषज्ञ अधिकारियों की टीम ने अत्यधिक तापमान और पिछले कई दिनों से जारी हीट वेव को संभावित कारण माना है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण प्राकृतिक जल स्रोतों का जलस्तर प्रभावित होने की बात भी सामने आई है। एहतियात के तौर पर क्षेत्र के जल स्रोतों और मिट्टी के नमूने भी प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजे गए हैं, ताकि हर पहलू की वैज्ञानिक जांच की जा सके।

 

वन मंत्री केदार कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वन क्षेत्रों में वन्यजीवों के लिए पानी, छाया और सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उनके निर्देश पर खैरागढ़ वनमंडल में तत्काल तीन अस्थायी वाटर होल तैयार किए गए हैं, जिनमें नियमित रूप से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त वाटर होल विकसित करने की प्रक्रिया भी जारी है।

 

वन विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी है और वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वन्यजीवों को समय पर सहायता मिल सके।

 

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता संवर्धन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वन्यजीव पर्यावरणीय संतुलन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनका संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

 

वन विभाग ने आम नागरिकों और ग्रामीणों से भी सहयोग की अपील की है। विभाग ने कहा है कि यदि कोई वन्यप्राणी या पक्षी घायल, अस्वस्थ या संकट की स्थिति में दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम वन कार्यालय या वनमंडल के कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

प्रदेशभर में वन मंत्री के निर्देश पर वन्यजीवों के लिए जल, सुरक्षा और निगरानी संबंधी व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है, जिससे भीषण गर्मी के इस दौर में वन्यप्राणियों को अधिकतम संरक्षण प्रदान किया जा सके।

Exit mobile version