CG News: नारायणपुर का जीएनएम प्रशिक्षण केंद्र बना युवाओं के सपनों का आधार

नारायणपुर का जीएनएम प्रशिक्षण केंद्र बना युवाओं के सपनों का आधार

 

नारायणपुर। Narayanpur जिले में संचालित जीएनएम प्रशिक्षण केंद्र स्थानीय युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार का मजबूत माध्यम बनकर उभरा है। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और स्थानीय युवाओं को नर्सिंग शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से वर्ष 2014 में एएनएम प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की गई थी। बाद में क्षेत्र में बढ़ती आवश्यकता और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2017 में इसका उन्नयन कर जीएनएम प्रशिक्षण केंद्र के रूप में संचालित किया जाने लगा।

जीएनएम प्रशिक्षण केंद्र में वर्तमान में 40 सीटों पर प्रवेश की व्यवस्था है। यहां हर वर्ष अक्टूबर-नवंबर माह में प्रशिक्षण सत्र शुरू किया जाता है। यह तीन वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम है, जिसमें प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का 12वीं विज्ञान विषय से उत्तीर्ण होना और न्यूनतम आयु 18 वर्ष होना आवश्यक है।

 

प्रशिक्षण केंद्र पूर्णतः आवासीय स्वरूप में संचालित हो रहा है। वर्तमान में यहां 108 छात्राएं अध्ययनरत हैं। शासन की ओर से छात्रवृत्ति की सुविधा भी प्रदान की जा रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छात्राओं को नर्सिंग शिक्षा हासिल करने में मदद मिल रही है।

 

वर्ष 2017 से सत्र 2023-24 तक इस संस्थान से कुल 182 विद्यार्थी सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा कर चुके हैं। इनमें से लगभग 90 प्रतिशत विद्यार्थी वर्तमान में शासकीय, अर्धशासकीय और निजी संस्थानों में स्टाफ नर्स के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इससे जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर भी प्राप्त हुए हैं।

 

जीएनएम प्रशिक्षण के बाद विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के अवसर भी उपलब्ध हैं। छात्राएं आगे बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम में प्रवेश लेकर अपने व्यावसायिक कौशल को और विकसित कर सकती हैं। इसके बाद वे नर्सिंग ऑफिसर, नर्सिंग ट्यूटर सहित एम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में सेवाएं देने के लिए पात्र बनती हैं।

 

नारायणपुर का जीएनएम प्रशिक्षण केंद्र आज जिले में स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सामने आया है। यह संस्थान स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ जिले में प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की नई पीढ़ी तैयार करने में अहम भूमिका निभा रहा है।

Exit mobile version