
माड़ मैत्री अभियान से ग्रामीणों को खेती और पशुपालन की नई दिशा
नारायणपुर। Narayanpur जिले में नारायणपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “माड़ मैत्री” अभियान के तहत पदमकोट में कृषि एवं बीज रोपण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को आधुनिक खेती और पशुपालन के प्रति जागरूक बनाकर आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक Robinson Gudiya और 41वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट Benudhar Nayak के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन पदमकोट कैम्प कमांडर सहायक कमांडेंट दिनेश और सहायक कमांडेंट महिपाल द्वारा किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान ग्रामीणों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज चयन, वैज्ञानिक तरीके से बीज रोपण तथा पशुपालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इसके साथ ही किसानों को खेती के लिए विभिन्न प्रकार के बीज वितरित कर उन्हें बेहतर उत्पादन और आत्मनिर्भर कृषि के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में आसपास के लगभग 40 से 50 ग्रामीणों ने भाग लेकर प्रशिक्षण का लाभ उठाया। ग्रामीणों ने खेती और पशुपालन से संबंधित नई जानकारी को उपयोगी बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों को गांवों के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
नारायणपुर पुलिस और आईटीबीपी द्वारा “विग्रह से विश्वास” की भावना के साथ माड़ मैत्री अभियान के जरिए लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता, विश्वास निर्माण और विकासोन्मुख गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी ग्रामीण हित और जनकल्याण के लिए ऐसे कार्यक्रम जारी रहेंगे।