
दण्डकारण्य दर्पण
नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में संचालित ऐतिहासिक नक्सल विरोधी अभियान में शहीद हुए वीर जवान खोटलू राम कोर्राम को नारायणपुर पुलिस ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
21 मई 2026 को आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को नमन किया। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
शहीद जवान खोटलू राम कोर्राम नारायणपुर जिले के ओरछा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भटबेड़ा के निवासी थे। उनका जन्म 1 जनवरी 1987 को हुआ था। उन्होंने 8 सितंबर 2023 को पुलिस विभाग में गोपनीय सैनिक के रूप में सेवा प्रारंभ की थी। अल्प समय में ही उन्होंने अपनी बहादुरी, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता से अलग पहचान बनाई।
21 मई 2025 को अबूझमाड़ के घने जंगलों में नारायणपुर–बीजापुर सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा एक बड़ा संयुक्त नक्सल विरोधी अभियान चलाया गया था। लगभग 50 घंटे तक चले इस अभियान में नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंडागांव जिलों की डीआरजी सहित अन्य सुरक्षा बलों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
इस ऐतिहासिक अभियान के दौरान सीपीआई (माओवादी) संगठन के महासचिव नंबाला केशव राव उर्फ बसवराजू समेत 27 माओवादी मारे गए थे। इसे नक्सल विरोधी अभियान की सबसे बड़ी सफलताओं में से एक माना गया।
इसी अभियान में वीर जवान खोटलू राम कोर्राम ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था।
नारायणपुर पुलिस ने कहा कि शहीद जवान का त्याग और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा। उनके जैसे वीर जवानों की बदौलत ही बस्तर में शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण मजबूत हो रहा है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और जवानों ने शहीद के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्र उनके बलिदान को सदैव याद रखेगा।
“शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमर धरोहर है।”