CG News: मर्दापाल मंडल में विकास कार्यों की सौगात ₹1.02 करोड़ के निर्माण कार्यों का मंत्री केदार कश्यप ने किया भूमिपूजन

दंडकारण्य दर्पण

 

मर्दापाल मंडल में विकास कार्यों की सौगात

₹1.02 करोड़ के निर्माण कार्यों का मंत्री केदार कश्यप ने किया भूमिपूजन

 

जगदलपुर। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने मंगलवार को मर्दापाल मंडल क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों का भूमिपूजन कर ग्रामीणों को बड़ी सौगात दी। लगभग 1 करोड़ 2 लाख रुपये की लागत से होने वाले इन निर्माण कार्यों में पंचायत भवन, पुलिया और सड़क निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

ग्राम पंचायत सोनाबाल में 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पंचायत भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। वहीं ग्राम पंचायत नगरी में 9 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई।

 

ग्राम पंचायत खण्डाम में 20 लाख रुपये की लागत से पंचायत भवन निर्माण तथा 9 लाख रुपये की लागत से पुलिया निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इसके साथ ही ग्राम पंचायत बोरगांव में 4 लाख 50 हजार रुपये की लागत से पुलिया निर्माण कार्य की शुरुआत की गई।

 

ग्राम पंचायत खचगांव में 20 लाख रुपये की लागत से पंचायत भवन निर्माण और 4 लाख 50 हजार रुपये की लागत से पुलिया निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। ग्रामीण लंबे समय से इन निर्माण कार्यों की मांग कर रहे थे, जिसके पूरा होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

 

बेतबेडा क्षेत्र में 6 लाख रुपये की लागत से पुलिया निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। वहीं पोलंग ग्राम पंचायत में 9 लाख रुपये की लागत से स्पॉन पुलिया निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई। इन निर्माण कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा मजबूत होगी तथा बरसात के दिनों में लोगों को राहत मिलेगी।

 

कार्यक्रम के दौरान मंत्री केदार कश्यप ने आमाबूंदीन माता मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद मर्दापाल स्थित इमली प्रसंस्करण केंद्र में भाजपा कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर अब तेजी से बदल रहा है और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों के विकास को नई प्राथमिकता मिली है। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अब बस्तर के अंतिम गांव तक पहुंच रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और संचार के क्षेत्र में लगातार कार्य हो रहे हैं, जिससे लोगों का जीवन आसान बन रहा है।

 

मंत्री कश्यप ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बस्तर में सुरक्षा और विकास दोनों को समान प्राथमिकता दी है। उनके लगातार बस्तर प्रवास और मॉनिटरिंग के कारण क्षेत्र में विश्वास का माहौल मजबूत हुआ है। आज बस्तर विकास और शांति की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

 

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान और आदिवासी समाज के उत्थान के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। सरकार की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों तक सड़क, भवन, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं तेजी से पहुंचें।

 

वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती बल्कि धरातल पर विकास कार्यों को मूर्त रूप देने का काम करती है। आने वाले समय में मर्दापाल मंडल सहित पूरे बस्तर क्षेत्र में और भी बड़े विकास कार्यों को गति दी जाएगी।

Exit mobile version