CG News: फरसगांव उपचुनाव में 45 डिग्री के बीच सियासी पारा हाई, भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने

फरसगांव उपचुनाव में 45 डिग्री के बीच सियासी पारा हाई, भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने

 

कोंडागांव जिले के फरसगांव नगर पंचायत उपचुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। भीषण गर्मी के बीच चुनावी सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच चुकी है। नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 01 महात्मा गांधी वार्ड और वार्ड क्रमांक 12 वीरांगना रानी दुर्गावती वार्ड में पार्षद पद के लिए उपचुनाव कराया जाना है। निर्वाचन प्रक्रिया शुरू होते ही भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। प्रशासन द्वारा संबंधित वार्डों में आचार संहिता भी लागू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 01 के कांग्रेस पार्षद राजेश सोना का 17 फरवरी 2026 को निधन हो गया था, वहीं वार्ड क्रमांक 12 की कांग्रेस पार्षद सुशीला मरकाम के आकस्मिक निधन के बाद दोनों सीटें रिक्त हो गई थीं। इसके बाद छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव कराने का निर्णय लिया। प्रदेशभर में नगरपालिका और नगर पंचायतों के कुल 17 वार्डों में पार्षद पद तथा एक अध्यक्ष पद के लिए उपचुनाव कराया जा रहा है।

 

फरसगांव के वार्ड क्रमांक 01 से भाजपा ने प्रेम नाग को प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस ने उमेश सोना पर भरोसा जताया है। वहीं वार्ड क्रमांक 12 में भाजपा ने छबीला नेताम को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने पूर्व पार्षद सवित्री मरकाम को उम्मीदवार बनाया है।

 

सोमवार को नामांकन दाखिल के दौरान फरसगांव नगर पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया। भाजपा की ओर से विधायक के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक रैली निकालते हुए दोपहर 12 बजे एसडीएम कार्यालय पहुंचे, जहां दोनों प्रत्याशियों ने रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया। दूसरी ओर कांग्रेस ने भी जिला अध्यक्ष रवि घोष के नेतृत्व में गाजे-बाजे, नारों और समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए दोपहर 1 बजे अपने प्रत्याशियों का नामांकन जमा कराया।

 

उपचुनाव के लिए 1 जून 2026 को मतदान कराया जाएगा। ऐसे में दोनों ही दल जीत दर्ज करने के लिए पूरी ताकत झोंकते दिखाई दे रहे हैं। फरसगांव नगर पंचायत का यह उपचुनाव इस बार बेहद रोचक और कांटे की टक्कर वाला माना जा रहा है। आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार और भी तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

 

उपचुनाव को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। विधायक ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की स्थिति इतनी कमजोर हो चुकी है कि उन्हें संबंधित वार्डों में चुनाव लड़ने के लिए स्थानीय प्रत्याशी तक नहीं मिल रहे हैं। दूसरे वार्ड के लोगों को उम्मीदवार बनाना कांग्रेस के कमजोर जनाधार का संकेत है। उन्होंने दावा किया कि पूरे देश और प्रदेश में भाजपा की लहर चल रही है, जिसके चलते कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी निराशा का माहौल है। विधायक ने कहा कि जनता भाजपा के विकास कार्यों और युवा नेतृत्व पर भरोसा जता रही है, इसलिए पार्टी ने इस बार सक्रिय और मेहनती युवा चेहरों को मौका दिया है।

 

वहीं कांग्रेस जिला अध्यक्ष रवि घोष ने भाजपा के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि विधायक स्वयं अंतागढ़ क्षेत्र से आकर केशकाल विधानसभा से चुनाव लड़े हैं, इसलिए उन्हें इस तरह के बयान देने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ रही है और भाजपा के दावों का जवाब जनता मतदान के माध्यम से देगी। रवि घोष ने दावा किया कि कांग्रेस प्रत्याशी लगातार वार्डों में जनसंपर्क कर रहे हैं और दोनों वार्डों में पार्टी को अच्छा समर्थन मिल रहा है।

 

अब नजर 1 जून को होने वाले मतदान और उसके बाद आने वाले नतीजों पर टिकी हुई है। दोनों दल जीत का दावा कर रहे हैं, लेकिन फरसगांव की जनता किसे अपना समर्थन देती है, इसका फैसला मतपेटी खुलने के बाद ही साफ हो पाएगा।

Exit mobile version