
दंडकारण्य दर्पण
अब जमानत के लिए देनी होगी आरोपी की पूरी कुंडली
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने बदला बेल आवेदन का फॉर्मेट
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने जमानत प्रक्रिया में पारदर्शिता और स्पष्टता लाने के उद्देश्य से बेल आवेदन के प्रारूप में बड़ा बदलाव किया है। हाईकोर्ट द्वारा लागू किए गए नए नियम के तहत अब जमानत आवेदन में आरोपी और मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी देना अनिवार्य होगा।
नई व्यवस्था के अनुसार बेल आवेदन में अब एफआईआर नंबर, संबंधित थाना, लगाए गए धाराओं का उल्लेख और अपराध में निर्धारित अधिकतम सजा की जानकारी देना जरूरी होगा। इसके साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी, हिरासत की स्थिति और केस की वर्तमान प्रगति का पूरा ब्यौरा भी आवेदन में शामिल करना होगा।
हाईकोर्ट ने पुराने सामान्य और संक्षिप्त फॉर्मेट को समाप्त करते हुए स्पष्ट किया है कि अधूरी या अस्पष्ट जानकारी वाले आवेदन पर जमानत मिलने में कठिनाई हो सकती है।
नए नियम का उद्देश्य न्यायिक प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और तथ्यात्मक बनाना बताया जा रहा है। इससे अदालत को मामले की वास्तविक स्थिति समझने में आसानी होगी और जमानत याचिकाओं की सुनवाई अधिक प्रभावी तरीके से हो सकेगी।
कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि हाईकोर्ट के इस फैसले से न्यायिक प्रक्रिया में जवाबदेही बढ़ेगी और मामलों की सुनवाई में अनावश्यक भ्रम की स्थिति कम होगी।