CG News: अबूझमाड़ के कुतुल पहुंचे वन मंत्री केदार कश्यप, नक्सल प्रभाव वाले इलाके में किया सीधा संवाद

 

नक्सल प्रभाव के लिए लंबे समय तक चर्चित रहे अबूझमाड़ के अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र कुतुल में प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप का दौरा एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया है। कुतुल, जिसे कभी नक्सलियों की अघोषित राजधानी माना जाता रहा, वहां पहुंचकर मंत्री कश्यप ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित किया और शासन की योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।

सुशासन तिहार के अंतर्गत मंत्री कश्यप आज इस दुर्गम इलाके के लिए रवाना हुए। कुतुल पहुंचकर उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर फीडबैक लिया। उनका यह दौरा प्रशासन और ग्रामीणों के बीच भरोसे को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

इससे पहले मंत्री ने कानागांव के तेंदूपत्ता फड़ का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने संग्रहकों से मुलाकात कर तेंदूपत्ता संग्रहण व्यवस्था की जानकारी ली और संबंधित मुद्दों पर चर्चा की।

 

कुतुल जैसे अंदरूनी और संवेदनशील क्षेत्र में मंत्री का पहुंचना न केवल प्रशासनिक सक्रियता को दर्शाता है, बल्कि यह संकेत भी देता है कि सरकार अब दूरस्थ क्षेत्रों में सीधा संवाद स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने के प्रयास में जुटी है।

Exit mobile version