CG News: प्रयास आवासीय विद्यालय में कक्षा 9वीं प्रवेश परीक्षा 10 मई को

1 से 10 मई तक एडमिट कार्ड डाउनलोड, समय पर केंद्र पहुंचना अनिवार्य

 

दंडकारण्य दर्पण

 

नारायणपुर। मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु प्राक्चयन परीक्षा 10 मई 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके लिए परीक्षा तिथि, समय और प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की समय-सारिणी जारी कर दी गई है।

प्रयास आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाती है। साथ ही उन्हें मेडिकल, इंजीनियरिंग, सीए, सीएम, क्लैट और एनडीए जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाती है। इसी उद्देश्य से इन विद्यालयों की स्थापना की गई है, ताकि प्रतिभावान विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिल सके।

 

जारी कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थी 1 मई से 10 मई 2026 तक अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा के दिन सभी परीक्षार्थियों को सुबह 9:30 बजे तक परीक्षा केंद्र में उपस्थित होना अनिवार्य होगा।

 

परीक्षा दिवस पर सुबह 9:30 बजे से 10:00 बजे तक ओएमआर शीट भरने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित होगी।

 

विद्यार्थी अपना प्रवेश पत्र आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से डाउनलोड कर सकते हैं। यदि किसी अभ्यर्थी को प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में समस्या आती है, तो वे जिला कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, नारायणपुर के कक्ष क्रमांक 94 में संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

 

प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि परीक्षा सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

Exit mobile version