CG News: सरकार के दावों के बीच नारायणपुर की सड़कें बदहाल, जनता परेशान

मुख्यमंत्री के निर्देश के बावजूद जिले के मुख्य मार्ग जर्जर, लोगों में आक्रोश

 

 

दंडकारण्य दर्पण

नारायणपुर। एक ओर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश में बारिश से पहले सभी सड़कों को दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए हैं, वहीं नारायणपुर जिले में जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग नजर आ रही है। जिले के कई प्रमुख मार्ग आज भी जर्जर स्थिति में हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नारायणपुर से कोण्डागांव तक नेशनल हाईवे 130डी का निर्माण कार्य लंबे समय से जारी है, लेकिन इसकी धीमी प्रगति लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। वहीं नारायणपुर से अंतागढ़ जाने वाला स्टेट हाईवे भी पूरी तरह खराब हो चुका है। सबसे खराब स्थिति नारायणपुर से ओरछा मार्ग की बताई जा रही है, जहां सड़क पर बड़े बड़े गड्ढे और टूटे हिस्से लोगों के लिए मुसीबत बन चुके हैं।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सड़कों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और वाहन जल्दी खराब हो रहे हैं। लोगों की मेहनत की कमाई वाहनों की मरम्मत में खर्च हो रही है। हालात इतने खराब हैं कि कई बार लोगों को चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा है, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है।

 

क्षेत्र में ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों पर मनमानी और लापरवाही के आरोप भी लग रहे हैं। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में लगातार देरी हो रही है और गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं। पिछले दो वर्षों में भी सड़कों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है।

 

अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या सरकार तक नारायणपुर की जनता की आवाज पहुंच रही है और क्या बारिश से पहले इन सड़कों की हालत सुधर पाएगी। फिलहाल हालात को देखते हुए लोगों को राहत मिलने की उम्मीद कम ही नजर आ रही है।

Exit mobile version