
दंडकारण्य दर्पण
नारायणपुर पुलिस ने दो चोरी के मामलों का किया खुलासा, शातिर आरोपी गिरफ्तार
सोने चांदी के आभूषण और एक्टिवा स्कूटी बरामद, लाखों का मशरूका जब्त
नारायणपुर। नारायणपुर पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने चांदी के आभूषण, नगद राशि और चोरी की एक्टिवा स्कूटी बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 को एक प्रार्थी ने थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 अप्रैल की रात वह घर से बाहर था। वापस लौटने पर उसने घर का दरवाजा टूटा पाया और अंदर सामान बिखरा हुआ मिला। जांच करने पर अलमारी का ताला टूटा मिला और उसमें रखे एक लाख रुपये नगद सहित सोने का हार, अंगूठी और चांदी की पायल समेत करीब ढाई लाख रुपये का सामान चोरी होना पाया गया। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 45/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इसी दौरान एक्टिवा स्कूटी चोरी के एक अन्य मामले में भी अपराध क्रमांक 46/2026 दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी।
विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही आनंद नेताम उर्फ ढेला, उम्र 18 वर्ष, निवासी गुड़रीपारा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने दोनों चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके कब्जे से 6 हजार 10 रुपये नगद, सोने का हार, सोने की अंगूठी, एक जोड़ी चांदी की पायल और एक एक्टिवा स्कूटी बरामद की।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी और अन्य अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है और अन्य संभावित अपराधों की भी पड़ताल की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना नारायणपुर पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नारायणपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों और वाहनों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।