
दंडकारण्य दर्पण
नारायणपुर। भारतीय जैन संघटना शाखा नारायणपुर द्वारा साप्ताहिक रविवार बाजार में “वस्त्र संगम/विद्या दान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस सेवा कार्य के तहत ग्रामीण क्षेत्र के सैकड़ों जरूरतमंद महिला, पुरुष और बच्चों को निशुल्क वस्त्र एवं शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण महिलाओं को साड़ियां प्रदान की गईं, जबकि पुरुषों को पायजामा-कुर्ता, जींस, पैंट, शर्ट और टी-शर्ट वितरित किए गए। बच्चों को कपड़ों के साथ-साथ पढ़ाई से जुड़ी आवश्यक सामग्री जैसे पेन, कॉपी, कंपास, शीशा और रबर भी दिए गए। इस पहल से जरूरतमंद परिवारों को राहत मिली और बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ा।
आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। लोगों ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में भारतीय जैन संघटना की महिला एवं पुरुष शाखा के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। सभी कार्यकर्ताओं ने समर्पण के साथ वितरण कार्य संपन्न कराया।
संघटना के पदाधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के सेवा कार्य लगातार जारी रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाई जा सके। यह आयोजन सामाजिक सरोकारों के प्रति संघटना की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।