CG News: नारायणपुर में जनगणना 2027 के प्रथम चरण की शुरुआत, मकान गणना कार्य जारी

अपर कलेक्टर ने किया निरीक्षण, सटीक जानकारी संकलन के दिए निर्देश

दंडकारण्य दर्पण

 

 

 

नारायणपुर, 2 मई 2026। जनगणना 2027 के अंतर्गत जिले में प्रथम चरण का कार्य शुक्रवार से प्रारंभ हो गया है। इस चरण में मकान सूचीकरण और आवास गणना का कार्य किया जा रहा है, जो 1 मई से 30 मई 2026 तक संचालित होगा। जिला प्रशासन द्वारा इस कार्य को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।

अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई ने नगरपालिका क्षेत्र के डूमरतराई और बखरूपारा पहुंचकर चल रहे मकान गणना कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रगणकों से चर्चा कर कार्य की प्रगति की जानकारी ली और एचएलओ मोबाइल एप के माध्यम से दर्ज किए जा रहे आंकड़ों का अवलोकन किया।

 

अपर कलेक्टर ने प्रगणकों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर सटीक और तथ्यात्मक जानकारी संकलित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिसके आधार पर भविष्य की योजनाएं तैयार की जाती हैं, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

 

जिले में इस कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न करने के लिए कुल 342 प्रगणक और 61 सुपरवाइजर की नियुक्ति की गई है। सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

इस दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्रीराम यादव, राजस्व निरीक्षक श्री भूषण सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि निर्धारित समयावधि में यह कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया जाएगा और इसके माध्यम से जिले के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण आंकड़े उपलब्ध होंगे।

Exit mobile version