National News: छत्तीसगढ़ की बेटी कृतिका टेकाम ने रचा इतिहास, देशभर के एकलव्य विद्यालयों में किया टॉप

सीबीएसई 10वीं बोर्ड में 97 प्रतिशत अंक के साथ प्रथम स्थान, राज्य के 11 एकलव्य विद्यालयों का शत-प्रतिशत परिणाम

 

दंडकारण्य दर्पण

 

 

 

रायपुर, 1 मई 2026। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले की होनहार छात्रा कृतिका टेकाम ने सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में प्रथम स्थान हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। कृतिका ने लगभग 750 एकलव्य विद्यालयों के बीच 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की है।

 

 

इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कृतिका को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उसकी मेहनत, लगन और प्रतिभा का परिणाम है। उन्होंने इसे राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और जनजातीय विद्यार्थियों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सफलता बताया। मुख्यमंत्री ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने भी कृतिका टेकाम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के जनजातीय विद्यार्थियों की क्षमता और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे वे राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

 

आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि कृतिका टेकाम कांकेर स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की छात्रा हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में संचालित 75 एकलव्य विद्यालयों में से 71 विद्यालय हाई स्कूल स्तर पर संचालित हैं, जिनमें से 11 विद्यालयों का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है।

 

प्रदेश में एकलव्य विद्यालयों के विद्यार्थियों ने न केवल शिक्षा बल्कि खेल और अन्य प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। हाल ही में राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में राज्य के दल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, वहीं गरियाबंद के कोसमबुड़ा विद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर मॉडल यूथ ग्राम सभा प्रतियोगिता में विजेता घोषित किया गया और एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

 

यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के शिक्षा क्षेत्र और जनजातीय प्रतिभाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक मजबूत संकेत मानी जा रही है।

Exit mobile version