
दंडकारण्य दर्पण
बरगी डैम क्रूज हादसा बना बड़ा त्रासदी: 9 की मौत, 18 सुरक्षित, कई अब भी लापता; सेना के साथ तेज हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
तेज आंधी और बारिश में पलटा एमपी टूरिज्म का क्रूज, रातभर बाधित रहा बचाव कार्य, सुबह फिर शुरू हुई तलाश
जबलपुर, 2 मई 2026। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम में गुरुवार शाम हुआ क्रूज हादसा अब बड़ी त्रासदी में बदल गया है। ताजा अपडेट के मुताबिक मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है, जबकि 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। अभी भी कई लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार एमपी टूरिज्म का यह क्रूज 40 से 45 पर्यटकों को लेकर डैम के अंदर करीब 300 मीटर दूर पहुंचा था। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी व बारिश के बीच क्रूज अनियंत्रित होकर डूब गया।
हादसे के तुरंत बाद एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू शुरू किया और कई लोगों को बचाया, लेकिन अंधेरा और खराब मौसम के कारण अभियान को बीच में रोकना पड़ा। शुक्रवार सुबह मौसम साफ होते ही राहत और बचाव कार्य दोबारा तेज कर दिया गया है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार सेना की टीम को भी रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल किया गया है, जिससे लापता लोगों की तलाश में तेजी लाई जा सके। घटनास्थल पर प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान जलाशयों और नदी क्षेत्रों में जाने से बचें और सतर्कता बरतें।