
12वीं बोर्ड में सालेहा पारेख ने किया कमाल, 95 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में टॉप
केशकाल की छात्रा ने लगातार दूसरी बार रचा इतिहास, 10वीं के बाद 12वीं में भी हासिल किया पहला स्थान
केशकाल
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में केशकाल की छात्रा सालेहा पारेख ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। उन्होंने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
सालेहा पारेख पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, केशकाल की छात्रा हैं। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे नगर में खुशी का माहौल है। खास बात यह है कि सालेहा ने इससे पहले कक्षा 10वीं में भी जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया था, जिससे उनकी प्रतिभा और मेहनत का निरंतर प्रमाण मिलता है।
सालेहा, केशकाल के पत्रकार इमरान पारेख की पुत्री हैं। उनकी सफलता पर परिवार, शिक्षकगण और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी इस उपलब्धि को अनुशासन, कड़ी मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है।
इस वर्ष भी पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में छात्राओं का दबदबा देखने को मिला। जिले के टॉप 10 में सलीमा ने 92.80 प्रतिशत, आएशा खातून मेमन ने 91.60 प्रतिशत और नाजिश फातिमा ने 91.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है।
सालेहा पारेख की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास के साथ कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।