CG News: मोबाइल वापसी अभियान के तहत 21 गुम मोबाइल लौटाए गए, लोगों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

 

 

मोबाइल वापसी अभियान के तहत 21 गुम मोबाइल लौटाए गए, लोगों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

नारायणपुर साइबर पुलिस टीम द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत “मोबाइल वापसी” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत गुम हुए मोबाइलों को खोजकर उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाया जा रहा है, जिससे लोगों में खुशी का माहौल देखा जा रहा है।

 

अभियान के अंतर्गत साइबर सेल नारायणपुर द्वारा विभिन्न स्थानों से कुल 21 नग मोबाइल बरामद किए गए, जिनकी कीमत लगभग 3 लाख 15 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है। इन मोबाइलों को 28 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में संबंधित स्वामियों को विधिवत सुपुर्द किया गया।

 

नारायणपुर जिले में लगातार मोबाइल गुम होने एवं साइबर फ्रॉड से संबंधित आवेदन प्राप्त हो रहे थे। इसे गंभीरता से लेते हुए उप पुलिस अधीक्षक अजय सिंह, नोडल अधिकारी साइबर सेल के पर्यवेक्षण में विशेष अभियान चलाया गया, जिसके तहत गुम मोबाइलों की खोजबीन कर उन्हें वापस लौटाने की कार्रवाई की जा रही है।

 

इस अभियान के सफल संचालन में निरीक्षक दिनेश कुमार चंद्रा, सहायक उप निरीक्षक राजकुमार शोरी, आरक्षक राजू बघेल, संदीप चौहान, जयलाल पोटाई, कमलेश साहू, आशीष ध्रुव, सुमित नाग, रामचंद्र यादव, अंजु कुमेटी सहित साइबर वॉलंटियर अनुराग नाग, अंजलि, सुखपाल और किसलय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय साबद्रा, अजय कुमार, सुशील कुमार नायक एवं ऐश्वर्य चन्द्राकर के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है, जो सामुदायिक पुलिसिंग की दिशा में एक सराहनीय पहल मानी जा रही है।

 

जनता से अपील की गई है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल CEIR पोर्टल पर जानकारी दर्ज करें और नजदीकी थाना या साइबर सेल से संपर्क करें। साथ ही अपने मोबाइल को पासवर्ड या लॉक से सुरक्षित रखें।

 

इसके अलावा बैंकिंग साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करने या साइबर क्राइम पोर्टल पर 24 घंटे के भीतर शिकायत दर्ज करने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version