CG News: नारायणपुर साप्ताहिक बाजार स्थल पर मंडरा रहा बड़ा हादसे का खतरा

माइंस ट्रक की टक्कर से बिजली का खंभा हुआ खतरनाक रूप से झुका

दंडकारण्य दर्पण | बड़ी लापरवाही

माइंस ट्रक की टक्कर से बिजली का खंभा हुआ खतरनाक रूप से झुका

नारायणपुर साप्ताहिक बाजार स्थल पर मंडरा रहा बड़ा हादसे का खतरा

नारायणपुर। जिले के साप्ताहिक बाजार स्थल पर एक गंभीर लापरवाही सामने आई है, जहां माइंस में चलने वाले भारी वाहन (ट्रक) की टक्कर से हाईटेंशन बिजली का खंभा बुरी तरह टेढ़ा-मेढ़ा हो गया है। यह खंभा अब किसी भी समय गिर सकता है, जिससे बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।

यह स्थान नारायणपुर का प्रमुख साप्ताहिक बाजार स्थल है, जहां हर रविवार हजारों की संख्या में लोग सब्जियां और रोजमर्रा की जरूरी सामग्री खरीदने और बेचने के लिए पहुंचते हैं। ऐसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में इस तरह का झुका हुआ बिजली का खंभा लोगों की जान के लिए सीधा खतरा बन गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, माइंस के भारी ट्रकों की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है। ट्रक ने बिजली के खंभे को टक्कर मार दी, जिससे वह अपनी जगह से झुक गया और अब खतरनाक स्थिति में खड़ा है। खंभे से गुजरने वाली हाईटेंशन लाइन में लगातार तनाव बना हुआ है, जिससे कभी भी तार टूटने या खंभा गिरने की आशंका है।


प्रशासन और बिजली विभाग की उदासीनता

हैरानी की बात यह है कि इतनी गंभीर स्थिति के बावजूद अब तक न तो बिजली विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई की है और न ही पुलिस प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नारायणपुर के कई स्थानों पर इस तरह की लापरवाही पहले भी देखी गई है, लेकिन जिम्मेदार विभागों द्वारा समय पर सुधारात्मक कदम नहीं उठाए जाते।

लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि जब तक कोई बड़ा हादसा नहीं होता, तब तक प्रशासन सक्रिय नहीं होता। इस मामले में भी स्थिति स्पष्ट रूप से खतरनाक होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं।


कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

लोगो के अनुसार, यदि इस तरह का झुका हुआ खंभा समय रहते ठीक नहीं किया गया, तो यह किसी भी समय गिर सकता है या हाईटेंशन तार टूटकर जमीन पर आ सकते हैं। ऐसी स्थिति में वहां मौजूद लोगों को करंट लगने या अन्य गंभीर हादसे का सामना करना पड़ सकता है।

रविवार के बाजार के दिन यहां भारी भीड़ होती है, ऐसे में यह खतरा और भी बढ़ जाता है। छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति बेहद चिंताजनक है।


तत्काल कार्रवाई की मांग

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि इस खतरनाक स्थिति को तुरंत संज्ञान में लेकर बिजली के खंभे को दुरुस्त किया जाए। साथ ही, ट्रक चालकों की लापरवाही पर भी सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो यह लापरवाही किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग कब जागते हैं और इस खतरे को टालने के लिए क्या कदम उठाते हैं।

Exit mobile version