CG News: केदार कश्यप का कांग्रेस पर हमला, बोले नारी शक्ति के मुद्दे से दूर हैं दीपक बैज

नारी वंदन अधिनियम पर समर्थन न देने को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना, मातृ शक्ति की भावनाओं से खिलवाड़ का आरोप

 

 

 

रायपुर:

छत्तीसगढ़ के संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के हालिया बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का रुख नारी शक्ति के भावनात्मक पहलुओं से पूरी तरह दूर नजर आता है।

 

कश्यप ने कहा कि यदि कांग्रेस ने लोकसभा में नारी वंदन अधिनियम का समर्थन किया होता, तो आज हालात अलग होते। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस विधेयक का विरोध कर देश की मातृ शक्ति की भावनाओं को आहत किया है और अब बयानबाजी के जरिए स्थिति को और भड़काने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने विशेष सत्र को लेकर बैज के बयान को निंदनीय बताते हुए कहा कि सरकार विधानसभा में इस मुद्दे पर गंभीरता से चर्चा करेगी। साथ ही मातृ शक्ति के हितों की रक्षा के लिए ठोस संकल्प लिया जाएगा।

 

कश्यप ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नारी वंदन अधिनियम को 33 प्रतिशत आरक्षण के साथ पारित कराने का प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह विधेयक भविष्य में जरूर पारित होगा और महिलाओं को उनका अधिकार मिलेगा।

 

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी का जुड़ाव देश की आम महिलाओं से नहीं है। अगर ऐसा होता, तो वह इस विधेयक का समर्थन जरूर करती। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल अपने शीर्ष नेतृत्व तक सीमित सोच रखती है और व्यापक मातृ शक्ति की भावनाओं को समझने में विफल रही है।

 

कश्यप के इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में नारी वंदन अधिनियम को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है।

Exit mobile version