National News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से जापानी प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात, निवेश और तकनीकी सहयोग पर बनी सहमति

छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा, रोजगार सृजन को मिलेगी नई दिशा

 

 

 

रायपुर, 25 अप्रैल 2026:

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में जापान से आए एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच निवेश, औद्योगिक विकास और तकनीकी सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री साय ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तेजी से विकसित हो रहा है। राज्य सरकार की निवेश प्रोत्साहन नीतियों और उद्योगोन्मुखी दृष्टिकोण के कारण प्रदेश वैश्विक निवेशकों के लिए एक आकर्षक गंतव्य बनता जा रहा है। उन्होंने अपने जापान प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां की उन्नत तकनीक और कार्यशैली से छत्तीसगढ़ को काफी लाभ मिल सकता है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जापान जैसे तकनीकी रूप से विकसित देश के साथ सहयोग से प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। इससे न केवल निवेश बढ़ेगा बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

 

जापान से आए प्रतिनिधिमंडल ने भी छत्तीसगढ़ सरकार की नई औद्योगिक नीति की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश के लिए पारदर्शी और अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है, जिससे उद्योगों के विस्तार की व्यापक संभावनाएं नजर आ रही हैं। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में अपने निवेश को आगे और बढ़ाने की इच्छा भी व्यक्त की।

 

बैठक के दौरान विधायक अनुज शर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, एफएसएनएल के डायरेक्टर युकीहिरो मोमोसे, कोनोइके ट्रांसपोर्ट के एक्जीक्यूटिव ऑफिसर तोशीहीरो फूजीवारा, एफएसएनएल के मैनेजिंग डायरेक्टर सुनील कुमार दीक्षित तथा हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के पूर्व सीएमडी के. डी. दीवान सहित कई प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।

 

इस मुलाकात को छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे राज्य में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को नई मजबूती मिलेगी और विकास की रफ्तार तेज होगी।

Exit mobile version