CG News: दिल दहला देने वाली वारदात, पति ने पत्नी की निर्मम हत्या कर गांव में फैलाई दहशत

दिल दहला देने वाली वारदात, पति ने पत्नी की निर्मम हत्या कर गांव में फैलाई दहशत

कोरबा

कोरबा जिले के रजगामार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बुंदेली में एक बेहद सनसनीखेज और हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है। जानकारी के मुताबिक बुंदेली गांव निवासी सालिक राम यादव ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी चैत कुंवर की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी मूल रूप से हल्दीमाड़ा अजगरबहार का रहने वाला बताया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो इतना बढ़ गया कि उसने पत्नी की हत्या कर दी। घटना की क्रूरता ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी असामान्य व्यवहार करता रहा और गांव में ही एक पोल्ट्री फार्म के पास कुछ देर तक रुका रहा। दिनदहाड़े हुई इस घटना से गांव में भय और आक्रोश का माहौल बन गया है। लोग इस घटना से सहमे हुए हैं और पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और सभी पहलुओं से जांच जारी है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने घरेलू विवाद और शक के चलते इस वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

यह घटना एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली साबित हुई है, जिसने समाज को झकझोर कर रख दिया है। छोटी-छोटी बातों से उपजे विवाद किस तरह भयावह रूप ले सकते हैं, यह घटना उसका दर्दनाक उदाहरण बन गई है।

Exit mobile version