
दंडकारण्य दर्पण
केशकाल में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़, राजस्थान के दो आरोपी गिरफ्तार
कोंडागांव
जिले के केशकाल थाना क्षेत्र में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा और एक चारपहिया वाहन जब्त किया गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से रायपुर की ओर एक महिंद्रा एक्सयूवी 500 वाहन में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर केशकाल थाना के सामने नाकाबंदी की गई और संदिग्ध वाहन को रोककर घेराबंदी करते हुए जांच की गई।
तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की से 53 पैकेट में भरा हुआ कुल 115.214 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार जब्त गांजा की कीमत लगभग 11 लाख 52 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि वाहन की कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है। इस प्रकार कुल 29 लाख 52 हजार रुपये की जब्ती की गई है।
गिरफ्तार दोनों आरोपी राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक पूछताछ में अंतरराज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। यह कार्रवाई पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी का बड़ा उदाहरण मानी जा रही है।