
नारायणपुर में “नितारा” थिएटर कार्यशाला का शुभारंभ, 30 दिवसीय प्रशिक्षण से युवाओं को मिलेगा नया मंच
नारायणपुर, 19 अप्रैल 2026। जिले में कला, संस्कृति और युवाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए “नितारा” (नारायणपुर इंस्टीट्यूट ऑफ ट्राइबल एंड रूरल आर्ट) के तहत 30 दिवसीय थिएटर प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। इस कार्यशाला का उद्घाटन वन मंत्री केदार कश्यप ने किया। यह प्रशिक्षण जिला प्रशासन और राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, नई दिल्ली के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
वन मंत्री केदार कश्यप ने इस अवसर पर कहा कि बस्तर, अबूझमाड़ और आदिवासी समाज की समृद्ध कला एवं संस्कृति को संरक्षित और आगे बढ़ाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि स्थानीय एवं नक्सल पुनर्वासित युवाओं को पेशेवर रंगमंच प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा को निखारने का यह प्रयास बेहद सकारात्मक है। उन्होंने प्रतिभागियों से संवाद कर उन्हें कला के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर नम्रता जैन ने बताया कि यह कार्यशाला 19 अप्रैल से 18 मई तक तहसील कार्यालय के सामने स्थित विरासत भवन में आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य जनजातीय, दूरस्थ और नक्सल पुनर्वासित युवाओं को सांस्कृतिक सशक्तिकरण के साथ-साथ आजीविका के अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं के रचनात्मक विकास, संचार कौशल और आत्मविश्वास को मजबूत करेगा।
कार्यशाला की विशेषता यह है कि प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागी अपनी स्थानीय भाषा और संस्कृति के आधार पर नाट्य प्रस्तुतियां तैयार करेंगे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से शासन की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाएगी, जिससे जनजागरूकता और जनभागीदारी दोनों को बढ़ावा मिलेगा।
राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को अभिनय, संवाद अदायगी, मंच सज्जा, प्रकाश व्यवस्था और प्रस्तुति कौशल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे युवाओं को पेशेवर स्तर का अनुभव प्राप्त होगा और भविष्य में उन्हें रोजगार के नए अवसर भी मिल सकेंगे।
यह कार्यशाला केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बनाने की दिशा में एक समग्र पहल है। इससे शासन और जनता के बीच संवाद मजबूत होगा और स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा।
कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मंडावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, पत्रकार और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।