
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल के लिए एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक क्षण आने वाला है। क्रिकेट जगत के महान खिलाड़ी Sachin Tendulkar आगामी 22 अप्रैल को दंतेवाड़ा जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे छिंदनार गांव पहुंचकर स्थानीय खेल प्रतिभाओं से मुलाकात करेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
जानकारी के अनुसार, सचिन तेंदुलकर अपने परिवार के साथ दंतेवाड़ा पहुंचेंगे और यहां बच्चों के साथ संवाद कर उन्हें खेल के प्रति प्रेरित करेंगे। उनका यह दौरा खासतौर पर बस्तर क्षेत्र के युवाओं और उभरते खिलाड़ियों के लिए बेहद खास माना जा रहा है।
छिंदनार गांव, जो अबूझमाड़ क्षेत्र से सटे इंद्रावती नदी के तट पर स्थित है, इस विशेष कार्यक्रम का केंद्र रहेगा। यहां Sachin Tendulkar Foundation द्वारा संचालित ग्रामीण खेल गतिविधियों का सचिन जायजा लेंगे। वे देखेंगे कि किस प्रकार दूरस्थ और पूर्व में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में खेल के माध्यम से बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai भी मौजूद रहेंगे और पूरे कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। यह दौरा राज्य सरकार और समाज के संयुक्त प्रयासों का प्रतीक माना जा रहा है, जिसमें खेल को विकास और परिवर्तन का माध्यम बनाया जा रहा है।
गौरतलब है कि तेंदुलकर फाउंडेशन ने दंतेवाड़ा में उस समय खेल प्रोत्साहन अभियान की शुरुआत की थी, जब यह क्षेत्र नक्सल समस्या से गंभीर रूप से प्रभावित था। उस दौर में खेल के जरिए बच्चों को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास किया गया था। अब जब बस्तर क्षेत्र नक्सल मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ चुका है, ऐसे में सचिन का यह दौरा एक नई शुरुआत और आत्मविश्वास का प्रतीक बनकर सामने आ रहा है।
स्थानीय प्रशासन और खेल प्रेमियों में इस दौरे को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। बच्चों और युवाओं के लिए यह अवसर किसी सपने के सच होने जैसा है, जहां वे अपने आदर्श खिलाड़ी से सीधे मिलकर प्रेरणा ले सकेंगे।
बस्तर के स्थानीय लोगों का मानना है कि इस तरह के दौरे न केवल खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव और आत्मविश्वास को भी बढ़ावा देते हैं। बस्तर जैसे क्षेत्र में यह पहल युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
सचिन तेंदुलकर का यह दौरा निश्चित रूप से बस्तर के लिए एक ऐतिहासिक पल साबित होगा, जो आने वाले समय में यहां की नई पीढ़ी को बड़े सपने देखने और उन्हें हासिल करने की प्रेरणा देगा।