CG News: आयुष्मान भारत योजना में छत्तीसगढ़ का परचम: राष्ट्रीय स्तर पर दो प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित

आयुष्मान भारत योजना में छत्तीसगढ़ का परचम: राष्ट्रीय स्तर पर दो प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित

 

रायपुर, 18 अप्रैल 2026। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। पुणे (महाराष्ट्र) में 17 एवं 18 अप्रैल को आयोजित राष्ट्रीय चिंतन शिविर के दौरान राज्य को दो प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारत सरकार के राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा प्रदान किया गया।

छत्तीसगढ़ को “बेस्ट परफॉर्मिंग लार्ज स्टेट” के रूप में दो महत्वपूर्ण श्रेणियों— हाई ट्रिगर एफिकेसी और टाइमली प्रोसेसिंग ऑफ सस्पेसियस क्लेम्स—में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चुना गया। यह उपलब्धि राज्य की सुदृढ़ स्वास्थ्य व्यवस्था, पारदर्शी क्लेम प्रबंधन प्रणाली और प्रभावी प्रशासनिक कार्यप्रणाली को दर्शाती है।

 

पहली श्रेणी हाई ट्रिगर एफिकेसी में राज्य ने संदिग्ध क्लेम की पहचान और उनके विश्लेषण में उल्लेखनीय दक्षता दिखाई है। उन्नत आईटी आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम और मजबूत ऑडिट व्यवस्था के माध्यम से अनियमितताओं की समय पर पहचान सुनिश्चित की जा रही है।

 

वहीं, दूसरी श्रेणी टाइमली प्रोसेसिंग ऑफ सस्पेसियस क्लेम्स में छत्तीसगढ़ ने संदिग्ध दावों के त्वरित निपटान में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। निर्धारित समय-सीमा के भीतर क्लेम की जांच, निर्णय और निष्पादन सुनिश्चित कर राज्य ने पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत किया है।

 

राज्य में क्लेम ऑडिट तंत्र को लगातार सशक्त किया गया है। ट्रिगर आधारित निगरानी प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू करने के साथ-साथ अस्पतालों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है। इसके परिणामस्वरूप क्लेम प्रोसेसिंग की गुणवत्ता में सुधार हुआ है और अनावश्यक विलंब में कमी आई है, जिससे लाभार्थियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं।

 

इस उपलब्धि पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री Shyam Bihari Jaiswal ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य तंत्र की प्रतिबद्धता, पारदर्शिता और निरंतर सुधार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए संकल्पित है।

 

उन्होंने इस सफलता का श्रेय स्वास्थ्यकर्मियों, प्रशासनिक टीम और सभी सहयोगी संस्थानों को देते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

 

छत्तीसगढ़ को मिले इन राष्ट्रीय पुरस्कारों ने यह साबित कर दिया है कि राज्य स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है और देश के लिए एक उदाहरण बनता जा रहा है।

Exit mobile version