National: जनगणना 2027: अब छत्तीसगढ़ में घर बैठे भरें अपनी जानकारी, स्व-गणना की शुरुआत

 जनगणना 2027: अब छत्तीसगढ़ में घर बैठे भरें अपनी जानकारी, स्व-गणना की शुरुआत

रायपुर, 16 अप्रैल 2026।
छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत स्व-गणना प्रक्रिया की शुरुआत हो गई है। 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक नागरिक अब स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकेंगे। इस पहल का शुभारंभ आज मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव श्री विकासशील द्वारा स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर किया गया।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव गृह श्री मनोज कुमार पिंगुआ, जनगणना निदेशक श्री कार्तिकेय गोयल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अपर मुख्य सचिव श्री पिंगुआ ने भी स्व-गणना के तहत अपनी जानकारी पोर्टल पर दर्ज की।

 खुद करें अपनी जानकारी दर्ज

राज्य सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्व-गणना सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें और जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं। इसके लिए नागरिक se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर आसानी से अपनी जानकारी भर सकते हैं।

 पारदर्शिता और सुविधा की दिशा में कदम

मुख्य सचिव ने कहा कि स्व-गणना से जनगणना प्रक्रिया अधिक आसान, पारदर्शी और विश्वसनीय बनेगी। इससे नागरिक अपनी सही और पूरी जानकारी स्वयं साझा कर सकेंगे, जिससे डेटा की गुणवत्ता भी बेहतर होगी।

 1 मई से घर-घर पहुंचेगी टीम

स्व-गणना अवधि समाप्त होने के बाद 1 मई से 30 मई 2026 तक जनगणना टीम घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करेगी। प्रगणक प्रत्येक मकान की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं और अन्य आवश्यक जानकारी दर्ज करेंगे।

जरूरी सूचना

जिन नागरिकों ने स्व-गणना के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर ली है, वे प्रगणकों के आने पर अपना SE ID अवश्य साझा करें। वहीं, जो लोग स्वयं जानकारी दर्ज नहीं कर पाएंगे, उनके लिए भी चिंता की बात नहीं है—प्रगणक उनके घर पहुंचकर जानकारी दर्ज करेंगे।

 जनभागीदारी से बनेगा सशक्त भारत

राज्य सरकार ने सभी नागरिकों से इस प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है, ताकि सही आंकड़ों के माध्यम से देश और राज्य के विकास की दिशा को और मजबूत बनाया जा सके।

Exit mobile version