CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने “बिरहोर जननायक” पुस्तक का किया विमोचन, पद्मश्री जागेश्वर यादव के जीवन को बताया प्रेरणास्रोत

दंडकारण्य दर्पण

 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने “बिरहोर जननायक” पुस्तक का किया विमोचन, पद्मश्री जागेश्वर यादव के जीवन को बताया प्रेरणास्रोत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में पद्मश्री जागेश्वर यादव के जीवन पर आधारित पुस्तक बिरहोर जननायक का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने पुस्तक के लेखक डॉ. लोकेश पटेल को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पद्मश्री जागेश्वर यादव का जीवन संघर्ष, सेवा और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है। उनका संपूर्ण जीवन समाज के प्रति समर्पित रहा है और उनके कार्य जनसेवा के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर जिले में ‘बिरहोर के भाई’ के रूप में विख्यात जागेश्वर यादव ने बिरहोर आदिवासी समाज के उत्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उनका सरल व्यक्तित्व और समाज के प्रति अटूट प्रतिबद्धता यह दर्शाती है कि सच्चा नेतृत्व सेवा और संवेदनशीलता से ही जन्म लेता है।

 

उन्होंने कहा कि बिरहोर जननायक पुस्तक उनके संघर्ष, समर्पण और सेवा की प्रेरक यात्रा को सामने लाती है, जो नई पीढ़ी को समाज के प्रति जागरूक और उत्तरदायी बनने की दिशा देती है। यह कृति पाठकों को प्रेरित करने के साथ-साथ सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायक होगी।

 

इस अवसर पर लेखक डॉ. लोकेश पटेल ने बताया कि पुस्तक की रचना आदिम जनजातियों, विशेषतः बिरहोर समुदाय के सर्वांगीण विकास के लिए जागेश्वर यादव द्वारा किए गए समर्पित प्रयासों से प्रेरित है। इस कृति में उनके जीवन संघर्ष, सामाजिक योगदान और मानवीय दृष्टिकोण को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है।

Exit mobile version