CG News: एक मंडप में दो दुल्हनों से विवाह: बैलगांव की घटना पर आदिवासी समाज में आक्रोश, सख्त कार्रवाई की मांग

आदिवासी समुदाय में आक्रोश

एक मंडप में दो दुल्हनों से विवाह: बैलगांव की घटना पर आदिवासी समाज में आक्रोश, सख्त कार्रवाई की मांग

कोंडागांव/फरसगांव। जिले के फरसगांव ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बैलगांव में एक युवक द्वारा दो युवतियों से एक ही मंडप में फेरे लेकर विवाह करने का मामला सामने आने के बाद आदिवासी समाज में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसके बाद समाज के विभिन्न वर्गों ने इसे गंभीरता से लिया है।

मंगलवार को फरसगांव स्थित रेस्ट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारियों ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस प्रकार का विवाह आदिवासी समाज की परंपराओं, रीति-रिवाजों और सामाजिक मर्यादाओं के विरुद्ध है और इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि प्राप्त जानकारी के अनुसार इस विवाह में दोनों युवतियों के परिजन और कुछ सामाजिक लोगों की भी भूमिका रही है, जो अत्यंत चिंताजनक है। ऐसे सभी व्यक्तियों के खिलाफ सामाजिक स्तर पर कार्रवाई करने की बात कही गई है।

प्रेसवार्ता के दौरान प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग उठाई गई। साथ ही यह भी बताया गया कि निकट भविष्य में आदिवासी समाज और यादव समाज की संयुक्त बैठक आयोजित कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

समाज के पदाधिकारियों ने यह भी आग्रह किया कि इस घटना से जुड़े वीडियो और फोटो को सोशल मीडिया से तत्काल हटाया जाए, ताकि समाज में गलत संदेश न फैले। युवाओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे ऐसे कदम उठाने से बचें और अपनी सामाजिक परंपराओं व मर्यादाओं का सम्मान करें।

इस अवसर पर सर्व आदिवासी समाज ब्लॉक अध्यक्ष ईश्वरलाल कोर्राम, अखिल भारतीय हल्बा समाज छत्तीसगढ़ महासभा अध्यक्ष वीरेंद्र चनाप, गोंडवाना समाज ब्लॉक अध्यक्ष छेरकु नेताम, पूर्व सचिव सुखलाल मरकाम, जिला पंचायत सदस्य जयलाल नाग, पूर्व जिपं सदस्य शिवलाल मंडावी, जिला उपाध्यक्ष शिवकुमार पात्र, क्षेत्रीय सचिव चैतराम नेताम एवं मदन सिंह कोलियारा सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

Exit mobile version