Chhattisgarh: महतारी वंदन योजना से बढ़ा छोटा कारोबार, नारायणपुर की महिला की आय दोगुनी

महतारी वंदन योजना से बढ़ा छोटा कारोबार, नारायणपुर की महिला की आय दोगुनी

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में राज्य सरकार की महतारी वंदन योजना से एक ग्रामीण महिला के जीवन में बदलाव देखने को मिला है। योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता से उन्होंने अपना छोटा व्यवसाय बढ़ाया है और आय में भी वृद्धि हुई है।

 

जिले के अबुझमाड़ क्षेत्र के ओरछा परियोजना अंतर्गत रहने वाली हीरोंदी कड़ियाम पहले साप्ताहिक बाजारों में लाई और चना बेचकर परिवार का गुजारा करती थीं। परिवार में पांच बच्चे हैं और सीमित आय के कारण घर की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो जाता था।

 

सरकार की योजना के तहत उन्हें हर महीने एक हजार रुपये की सहायता मिलने लगी। इसके बाद उन्होंने इस राशि का उपयोग अपने व्यवसाय को बढ़ाने में किया। लाई और चना के साथ अब उन्होंने मूंगफली, मिक्सचर, बिस्किट और अन्य खाद्य सामग्री भी बेचनी शुरू कर दी।

 

अब वह फरसबेड़ा, छोटेडोंगर और ओरछा के साप्ताहिक बाजारों में अपना सामान बेचती हैं। कारोबार बढ़ने के साथ उनकी आय भी लगभग दोगुनी हो गई है।

 

हीरोंदी कड़ियाम का कहना है कि इससे अब वह बच्चों की पढ़ाई और परिवार की अन्य जरूरतों को पहले से बेहतर तरीके से पूरा कर पा रही हैं। उनके अनुसार इस योजना से उन्हें आत्मनिर्भर बनने का मौका मिला है।

Exit mobile version