Chhattisgarh: बस्तर में 108 माओवादी कैडर करेंगे आत्मसमर्पण, ‘पूना मारगेम’ कार्यक्रम के तहत मुख्यधारा में लौटेंगे

बस्तर में 108 माओवादी कैडर करेंगे आत्मसमर्पण, ‘पूना मारगेम’ कार्यक्रम के तहत मुख्यधारा में लौटेंगे

जगदलपुर, 11 मार्च 2026 — छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में बुधवार को ‘पूना मारगेम : पुनर्वास से पुनर्जीवन’ पहल के तहत बड़ी संख्या में माओवादी कैडरों के आत्मसमर्पण का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

 

इस कार्यक्रम में दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (DKSZC) से जुड़े कुल 108 माओवादी कैडर समाज की मुख्यधारा में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम लालबाग स्थित शौर्य भवन, पुलिस कोऑर्डिनेशन सेंटर में दोपहर 2 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें समाज के वरिष्ठ जनों, पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के अधिकारी तथा जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहेंगे।

 

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण करने वाले कैडरों से मिली सूचनाओं के आधार पर नक्सल विरोधी अभियानों के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी डंप बरामदगी भी हुई है।

 

बीजापुर सहित बस्तर रेंज के अलग-अलग जिलों में बरामद किए गए इस हथियार और सामग्री के डंप को भी कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शित किया जाएगा।

 

प्रशासन के अनुसार ‘पूना मारगेम’ पहल का उद्देश्य माओवादी कैडरों को मुख्यधारा में जोड़ना और उन्हें पुनर्वास के माध्यम से नया जीवन देने की दिशा में काम करना है। कार्यक्रम में मीडिया प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।

Exit mobile version