
नारायणपुर, 19 फरवरी 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत आवासों की प्रगति की समीक्षा के लिए जिला पंचायत सीईओ सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलको ने विकासखंड नारायणपुर की ग्राम पंचायत एडका और आमासरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अप्रारंभ और निर्माणाधीन आवासों की स्थिति का जायजा लिया गया।
सीईओ ने ग्रामीणों और हितग्राहियों से सीधे चर्चा कर आवास निर्माण में तेजी लाने तथा 31 मार्च तक सभी स्वीकृत आवास पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव, नोडल अधिकारियों, रोजगार सहायकों और आवास मित्रों को नियमित रूप से अपूर्ण आवासों का भ्रमण करने और हितग्राहियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अभिशरण के माध्यम से जारी किए जा रहे 90 मानव दिवस की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस संबंध में ग्राम पंचायत सचिव और रोजगार सहायक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सीईओ ने स्पष्ट कहा कि लंबे समय से आवास निर्माण में रुचि नहीं लेने या राशि के दुरुपयोग के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे हितग्राहियों के खिलाफ अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) से चर्चा कर नोटिस जारी करने, प्रकरण दर्ज करने और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिला समन्वयक (पीएमएवाई-जी) श्री गिरेन्द्र साहू, विकासखंड समन्वयक सहित संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक मौजूद रहे। प्रशासन ने संकेत दिया है कि आवास निर्माण में लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।