Chhattisgarh: नक्सलविरोधी अभियान में एक और बड़ी सफलता,गरियाबंद पुलिस ने 10 नक्सलियों को किया ढेर।

नक्सलविरोधी अभियान में एक और बड़ी सफलता,गरियाबंद पुलिस ने 10 नक्सलियों को किया ढेर।

 

12 सितंबर को

छत्तीसगढ़ पुलिस के नक्सलविरोधी अभियान में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है । थाना मैनपुर क्षेत्रांतर्गत राजाडेरा मटाल पहाड़ी में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने नक्सलियों के बड़े कैडर नेता मोड़े़म बालाकृष्ण उर्फ मनोज (सीसी) समेत 10 नक्सलियों को मार गिराने में सफल रहे।

 

यह संयुक्त अभियान 10 सितम्बर से 12 सितम्बर 2025 तक चला, जिसमें ई-30, एसटीएफ, सीएएफ एवं कोबरा 207 बटालियन के जवान शामिल थे। नक्सलियों द्वारा सुरक्षाबलों पर घात लगाकर अंधाधुंध फायरिंग की गई थी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए नक्सलियों को भारी नुकसान पहुँचाया।

 

इस उल्लेखनीय सफलता पर छत्तीसगढ़ पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम गरियाबंद पहुँचे। उनके साथ अति. पुलिस महानिदेशक (नक्सल विरोधी अभियान) विवेकानंद सिन्हा, पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा, तथा बीएसएफ, सीआरपीएफ, कोबरा 207 और एसटीएफ के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

 

डीजीपी अरुण देव गौतम ने गरियाबंद जिले के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा सहित पूरे ऑपरेशन में शामिल सभी जवानों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि सुरक्षाबलों की बहादुरी और रणनीतिक दक्षता से ही यह बड़ी उपलब्धि हासिल करना संभव हो पाया है।

 

कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन गरियाबंद में सभी अधिकारियों और जवानों के लिए स्पेशल खाने का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस महानिदेशक, अति. पुलिस महानिदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने जवानों के साथ भोजन कर उनका उत्साहवर्धन किया।

Exit mobile version